-पुलिस ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार
-दिल्‍ली-एनसीआर में देते थे चोरी की घटनाओं को अंजाम

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिल्‍ली-एनसीआर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग को गिरफ्तार करने में सूरजपुर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से विभिन्‍न स्‍थानों से चोरी किए गए सोने व चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषण की कीमत लगभग 50 लाख रुपए है। साथ ही चोरों के पास से 01 लाख 65 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त एक ऑटो व 03 अवैध चाकू बरामद किए हैं। चोरों की पहचान प्रदीप यादव उर्फ फौजी, शिव कुमार उर्फ चूंचा, वीरेश उर्फ वीरा और सूरज उर्फ बंटा के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि सभी आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्‍न कोतवाली में मुकदमें दर्ज हैं।

ऑटो का करते थे प्रयोग
पुलिस ने बताया कि चोरों के द्वारा एक संगठित गिरोह चलाया जाता था। ऑटो से दिल्ली व एनसीआर नोएडा क्षेत्र के सेक्टरों एवं सोसाईटी में बंद पड़े मकानों की रैकी कर ताला व ग्रिल तोड़कर चोरी की जाती है। चोरी करने के बाद ऑटो में बैठकर वहाँ से फरार हो जाते थे। यह लोग चार से पाँच सदस्यों के ग्रुप में रहते हैं। जिनमें से एक या दो व्यक्ति बाहर ऑटो में रहकर आने जाने वाले लोगो पर निगरानी करते हैं, शेष लोग घऱ में अंदर घुसकर ताला तोड़कर व ग्रिल तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते है। चोरों ने सेक्‍टर व अन्‍य स्‍थानों पर चोरी की विभिन्‍न घटनाओं को अंजाम देने की बात स्‍वीकार की है।
चोरों के पास से सोने की चेन, सफेद धातु का सिक्का, एक पायल सफेद धातु, दो जोडी बिछुए सफेद धातु,तीन हार पीली धातु, चार पीली धातु के कडे, चार कंगन पीली धातु, 11 अंगूठी पीली धातु सहित अन्‍य सामान बरामद हुआ है। बरामद सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपए है।