-आरोपितों के पास से 1,62,250 रूपये सहित अन्‍य सामान बरामद
-सेक्‍टर 49 कोतवाली पुलिस ने विभिन्‍न धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा के सेक्‍टर 51 में स्थित सनराइज होटल में पिछले लंबे समय से सट्टा खेला जा रहा था। होटल में सट्टा खेले जाने की सूचना पुलिस को मिल गई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेड मारी। पुलिस यह देखकर दंग रह गई कि होटल में एक 20 लोग सट्टा खेल रहे थे। कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने सभी को दबोच लिया। पकड़े गए लोगों में पुष्कर, अजमेरी खान, अमित, सचिन गुप्ता, मनोज कुमार, मो0 शमीम, चन्दन, कपिल शर्मा, राहुल, पवन, मुकेश, शुभम , राकेश, विक्रम, गजेंद्र, पवन, नदीम, नितिन व सूरज शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विभिन्‍न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

किराए पर लेते थे कमरा
जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपितों के द्वारा सट्टा खेलने के लिए होटल में किराए पर कमरा लिया जाता था। गिरफ्तार लोगों ने पुलिस को बताया कि हम लोग अपने-अपने वाहनों से इस होटल में आये थे तथा आपसी सहमति से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। हम लोग होटल में कमरा किराये पर लेकर जुआ खेलते हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से 1,62,250 रूपये,160 ताश के पत्तें, 07 दोपहिया वाहन, 01 चार पहिया वाहन व 22 मोबाइल फोन सहित अन्‍य सामान बरामद किया है।