-बाथरूम की वॉशबेसिन सहित अन्‍य सामान टूटा
-परिवार ने आईआरपी व प्राधिकरण में दर्ज की शिकायत

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के जीटा एक सेक्टर में स्थित एवीजे हाईट्स सोसायटी में रात बड़ी घटना हुई। सोसायटी के फ्लैट नंबर आई-108 के बॉथरूम में प्‍लास्‍टर का बड़ा हिस्‍सा टूटकर गिर गया। इस कारण वॉशबेसिन व अन्‍य सामान टूट गया। जिस दौरान घटना हुई उस समय परिवार के लोग बाहर गए हुए थे। घटना के दौरान यदि परिवार का कोई सदस्‍य बाथरूम में होता तो वह गंभीर रूप से घायल हो सकता था। सोसायटी में मेंटेनेंस की अत्‍यंत खराब स्थिति के कारण वहां पर रहने वाले लोग डरे हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व आईआरपी से लगातार की जा रही शिकायत के बाद भी व्‍यवस्‍था को सही नहीं कराया जा रहा है।

नहीं हो रही सुनवाई
सोसायटी के फ्लैट नंबर आई-108 में आरके शाही परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को परिवार के साथ वह दिल्‍ली एक कार्यक्रम में गए थे। घर लौटने पर जब बॉथरूम की स्थिति देखी तो दंग रह गए। उनका कहना है कि फ्लैट के ऊपर 208 नंबर का फ्लैट है। उस फ्लैट के बाथरूम में लंबे समय से सीलन बनी हुई है। कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि उनके द्वारा हर बार समय पर मेंटेनेंस चार्ज दिया जाता है लेकिन सोसायटी में काम कुछ नहीं होता है। अब उन्‍हें डर सता रहा है कि प्‍लास्‍टर का अन्‍य हिस्‍सा भी गिर सकता है। उन्‍होंने मांग की है कि टूटे प्‍लास्‍टर को सही कराया जाए।