-पुलिस कमिश्‍नर लक्ष्‍मी सिंह ने दिया 5100 का पुरस्‍कार
-चोर को पकड़ने के दौरान पुलिसकर्मी के हाथ में लगी चोट

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सड़कों पर फिल्‍मी हीरो तो अक्‍सर नजर आ जाते हैं लेकिन बुधवार को नोएडा की सड़क पर पुलिसकर्मी के रूप में असली हीरो दिखाई दिया। साहस का परिचय दिखाते हुए ट्रैफ‍िक पुलिसकर्मी ने मोबाइल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को काफी दूर तक दौडा़कर पकड़ लिया। इस दौरान पुलिसकर्मी के हाथ में चोट आई और अंगुली भी फैक्‍चर हो गई लेकिन उनका जोश कम नहीं हुआ। बदमाश को पकड़ने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिसकर्मी की बहादुरी को सराहा।

पुलिस कमिश्‍नर ने दिया ईनाम
नोएडा के सेक्‍टर 37 पर यातायात पुलिसकर्मी टीएसआई रमेश पंवार की ड्यूटी थी। इस दौरान उन्‍होंने देखा कि चलती बस से एक व्‍यक्ति का फोन छीनकर एक बदमाश भाग रहा है। रमेश पंवार ने बदमाश का पीछा किया, हाथ में चोट लगने के बावजूद उन्‍होंने बदमाश को पकड़ लिया। सूचना के बाद मौके पर सेक्‍टर 39 पुलिस पहुंच गई और बदमाश को हिरासत में ले लिया। घायल रमेश पंवार को उपचार के लिए अस्‍पताल भेजा। रमेश पंवार की बहादुरी से खुश होकर पुलिस कमिश्‍नर लक्ष्‍मी सिंह ने उन्‍हें 5100 रुपए का पुरस्‍कार दिया।