द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से हुई 40 वर्षीय वरिष्ठ प्रबंधक विकास चावला की मौत के मामले में बिसरख कोतवाली पुलिस ने रविवार को अरिहंत ग्रुप और सोसाइटी की मेंटेनेंस एजेंसी निंबस कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने मेंटेनेंस इंचार्ज दीपक (32) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा 20 मंजिला टावर में हुआ, जहां ऊपरी मंजिल के बीम आर्च से प्लास्टर का हिस्सा टूटकर नीचे गिरा। उस समय विकास चावला बाइक से गुजर रहे थे। प्लास्टर सीधे उनके सिर पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित बाइक दीवार से टकरा गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में फ्रैक्चर और मस्तिष्क में रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। मामले में विकास के छोटे भाई दीपक चावला ने बिसरख कोतवाली में तहरीर देकर बिल्डर प्रबंधन और मेंटेनेंस एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय विकास ने हेलमेट नहीं पहना था। अधिकारियों का मानना है कि हेलमेट होने की स्थिति में गंभीर चोट से बचाव संभव हो सकता था। बताया गया कि विकास एक हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर सवार थे।

सोसाइटी निवासियों ने आरोप लगाया है कि नियमित रूप से प्रति वर्गफीट 2.50 रुपये की दर से मेंटेनेंस शुल्क वसूले जाने के बावजूद परिसर की स्थिति खराब है। उनका कहना है कि सुरक्षा और रखरखाव के नाम पर अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। परिजनों ने भी शिकायत में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और रखरखाव में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। विकास चावला सोसाइटी में किराये पर रहते थे।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में किया गया। अंतिम संस्कार में सोसाइटी के एओए पदाधिकारी और बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए। मूल रूप से दिल्ली निवासी विकास चावला अपने पीछे पत्नी, 12 वर्षीय बेटी और पांच वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है।