-किसानों को जमा कराने होंगे आवश्यक कागजात
-जेवर तक सफर के लिए मिलेगी छूट
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे पर किसानों से टोल न लेने की मांग पिछले लंबे समय से की जा रही थी, यमुना एक्सप्रेस वे प्रबंधन ने उनकी मांग को मान लिया है। उन किसानों को टोल नहीं देना होगा जिनकी जमीन यमुना एक्सप्रेस वे के निर्माण में गई है। गौतमबुद्ध नगर के किसानों को जेवर तक सफर करने पर टोल नहीं देना होगा। इसके लिए किसानों को आवश्यक कागजात टोल प्रबंधन को जमा कराने होंगे। जिसमें प्रमुख रूप से मतदाता पहचान पत्र, वाहन रजिस्ट्रेशन की कॉपी, मोबाइल नंबर, वर्तमान पते सहित अन्य कागज शामिल है। कागजों की जांच के बाद किसानों को पास जारी किया जाएगा।
लंबे समय से हो रही थी मांग
ग्रेटर नोएडा के परीचौक से शुरू होने वाला यमुना एक्सप्रेस वे 165 किलोमीटर लंबा है। एक्सप्रेस वे के निर्माण में जिले के किसानों की जमीन गई थी। जिन किसानों की जमीन गई थी उनके द्वारा पिछले लंबे समय से मांग की जा रही थी कि एक्सप्रेस वे पर यात्रा करने के दौरान उनसे टोल न लिया जाए। लंबे मंथन के बाद टोल प्रबंधन ने किसानों की मांग को मान लिया है। एक्सप्रेस वे प्रबंधन ने बताया कि एक्सप्रेस वे के लिए जमीन देने वाले किसान व उनके बेटे के नाम रजिस्ट्रर्ट गाडि़यों से यात्रा के दौरान टोल नहीं लिया जाएगा।
