-बिजली की निर्बाध आपूर्ति का दिया निर्देश
-बैठक में जिले के जनप्रतिनिधि भी रहे उपस्थित
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनसुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाना है।
राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निवास, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं को और अधिक पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध बनाने पर बल दिया। कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए किसानों के लिए उर्वरकों एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र जनपद की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

गुणवत्ता का रखें ध्यान
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में संचालित सड़क निर्माण, मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया। निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निवेश संबंधी एमओयू को शीघ्रता से धरातल पर उतारने, निवेश परियोजनाओं को गति देने तथा बैंकर्स समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में डाक्टर सांसद महेश शर्मा, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दादरी गीता पंडित, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, डीएम मेधा रूपम, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुनील कुमार सिंह, एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
