-प्राधिकरण की हॉकी स्टेडियम योजना का किया विरोध
-विधायक ने दिया अधिकारियों से वार्ता का आश्वासन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर 37 के जोनल स्पोस्ट्र्स कॉम्लेक्स में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा हॉकी स्टेडियम बनाए जाने का विरोध तेज हो गया है। क्षेत्रीय खेल परिसर बचाओ समिति के सदस्यों ने विधायक धीरेंद्र सिंह से मुलाकात की। कोर कमेटी सदस्यों ने ज्ञापन के माध्यम से प्राधिकरण की हॉकी स्टेडियम योजना पर विरोध दर्ज किया और विधायक से वार्ता कर स्टेडियम दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने व पास हुए बजट से जोनल स्पोर्ट्स ग्राउंड में ही जनसुविधाओं का विकास कराने की मांग की। विधायक ने कोर कमेटी सदस्यों, खिलाड़ियों व मैदान में शारिरिक दक्षता परीक्षाओं की तैयारी करने वालों की बातों को सुना। विधायक ने मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से वार्ता का आश्वासन दिया है।

टीम ने लिया निर्णय
कोर कमेटी ने धीरेंद्र सिंह से अनुरोध किया कि इस विषय पर जब तक प्राधिकरण अपनी जाँच कराए तब तक हॉकी स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू न किया जाए। समिति ने विधायक से वार्ता के बाद मीटिंग में निर्णय लिया कि हमारी टीम के द्वारा अब तक सकारात्मक और लोकतांत्रिक तरीके से किए गए विरोध के बावजूद भी अगर ज़ोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्राधिकरण द्वारा कोई भी निर्माण गतिविधि अंजाम देने का प्रयास किया गया तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा और जोनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इस अवसर पर मुकेश बिधूड़ी, सतेन्द्र नागर, रविंद्र रावत, इन्द्रराज सिंह नागर, मिंटू भाटी, नलवीर पायला, रतीश भाटी, विपुल उपाध्याय, दीपक भाटी, सुजीत तिवारी, विजेंद्र नागर, राजकुमार सोलंकी, विपिन शर्मा, अमर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
