-जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से गुहार के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
-गांवों में व्‍यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से गुहार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन व अन्‍य विरोध के बाद भी 44 गांवों के किसानों को शेष 4 प्रतिशत प्लॉट नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसानों के बीच घोर नाराजगी व्‍याप्‍त हो गई है। नाराज किसानों ने जैतपुर गांव स्थित झीडी मंदिर में बैठक का आयोजन किया। बैठक में उपस्थित किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक में पारित 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट संबंधी प्रस्ताव को शीघ्र शासन स्तर से स्वीकृत कराने की मांग की। किसानों ने घोषणा की कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 20 जुलाई से अनशन प्रारंभ करेंगे। इसके लिए जल्‍द ही 44 गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा गांव-गांव बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

नहीं मिल रहा अधिकार
बैठक में किसानों ने कहा कि प्लॉट से वंचित किसान लंबे समय से अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व किसानों द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण मौन जुलूस भी निकाला गया था। बावजूद इसके अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। विभिन्‍न स्‍थानों पर दिए गए ज्ञापन के माध्‍यम से मांग की गई थी कि 133वीं बोर्ड बैठक से पारित प्रस्ताव को शासन से स्वीकृत कराकर किसानों को उनका अधिकार दिलाया जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी जारी रही तो वे सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों का भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने को विवश होंगे। किसानों ने एक स्वर में कहा कि वह अपनी जायज मांगों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उन्हें विश्वास है कि उन्हें उनका वैधानिक एवं न्यायोचित अधिकार अवश्य मिलना चाहिए।