द न्यूज़ गली, नोएडा : निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले एक डॉक्टर को साइबर क्राइम थाना सेक्टर-36 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के रहने वाले रामाकृष्ण पेदगावेगी (37) के रूप में हुई है, जो एमबीबीएस और एमडी डिग्रीधारी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले आंध्र प्रदेश के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। वहां एक सर्जरी में कथित लापरवाही के मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए ग्रेटर नोएडा के चाई-फाई क्षेत्र में किराये पर रहने लगा।

ऐसे जाल में फंसाता था
जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और डेटिंग एप्स पर महिलाओं के नाम और तस्वीरों से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह महिलाओं की आवाज में बातचीत कर पीड़ितों का विश्वास जीतता और फिर निवेश पर कई गुना लाभ का लालच देकर उनसे रकम ट्रांसफर करवा लेता था।

डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह खुद को एक प्रतिष्ठित कंपनी का वित्तीय सलाहकार बताकर उच्च आय वर्ग के लोगों को निशाना बनाता था।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा के मुताबिक आरोपी को बेंगलुरु निवासी एक इंजीनियर से की गई ठगी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। शिकायत मिलने के बाद नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि ठगी की रकम जिस बैंक खाते में जमा कराई जाती थी, वह म्यूल अकाउंट था। खाते की इंटरनेट बैंकिंग सेवा के लिए आरोपी का मोबाइल नंबर पंजीकृत मिला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।