द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के आईक्यू (IQOO) कंपनी के 100 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि 21 जून को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-153 स्थित पानी की टंकी के पीछे से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ रुद्रेश (32), पंकज उर्फ धीरेन्द्र (50) और मोहित पुंडीर (34) के रूप में हुई है।

बेचने वाले थे चोरी के मोबाइल
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें विभिन्न स्थानों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने चोरी के सभी 100 मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप भी बरामद हुई है। वहीं आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के पास से एक-एक अवैध चाकू मिला है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।