-सुरक्षा मानकों की जांच के लिए टीमों का हुआ गठन
-अधिकारियों का दावा सभी कोचिंग संस्थान में होगी जांच
द न्यूज गली, नोएडा: लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में लगी आग में जलकर 15 छात्रों की मौत हो गई थी। घटना के बाद गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। नोएडा में सिटी मजिस्ट्रेट शरद, DIOS चंद्रशेखर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा मानकों की जांच की। जांच के बाद तीन कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया। उन्हें सुरक्षा मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य कोचिंग संस्थानों में भी जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले कोचिंग संस्थानों को बंद कराया जाएगा।
57 कोचिंग पंजीकृत
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सेक्टर 113 में दो कोचिंग संस्थान और सेक्टर 49 में एक कोचिंग सेंटर को सुरक्षा मानकों और पंजीकरण की कमी के कारण सील किया गया। नोएडा में वर्तमान में केवल 57 कोचिंग संस्थान ही आधिकारिक रूप से पंजीकृत हैं, जबकि सैकड़ों की संख्या में ऐसे सेंटर चल रहे हैं जो नियमों और पंजीकरण व्यवस्था से पूरी तरह बाहर हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए फायर विभाग ने दो विशेष टीमों का गठन किया है जो अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारी ने बताया कि जो कोचिंग सेंटर जांच के दौरान बंद पाए गए हैं, वहां पहुंचकर टीम दोबारा जांच करेगी।
