द न्यूज़ गली, नोएडा : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने नौकरी और प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 17 सिम कार्ड, चार डेबिट कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि 23 जून को अभिसूचना संकलन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-63 स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न कंपनियों का डेटा अवैध रूप से हासिल कर लोगों को कॉल करते थे और उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी व प्रशिक्षण दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे।

कम उम्र के है पांचों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य चौहान (20) निवासी एटा, सुमित कुमार (19) निवासी दिल्ली, सूरज गुप्ता (23) निवासी कानपुर नगर, रिषभ (20) निवासी फिरोजाबाद तथा गौरव पाठक (23) निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपी बीसीए, एक बीएससी और एक बीए शिक्षित हैं।

यूपी के अलावा बिहार में भी दर्ज है शिकायत
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में कुल पांच शिकायतें दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश और बिहार की एक-एक तथा महाराष्ट्र की तीन शिकायतें शामिल हैं।

बरामद सामान में नौ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 17 सिम कार्ड, चार डेबिट कार्ड, दो कंपनी मोहर, चेकबुक, पासबुक और कॉलिंग डेटा शामिल है।