-छात्रों को मिलेगी ट्रेनिंग और इंटर्नशिप की सुविधा
-शारदा अस्पताल औद्योगिक इकाइयों में लगाएगा मेडिकल हेल्थ कैंप
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) और शारदा ग्रुप के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। शारदा ग्रुप के अंतर्गत शारदा यूनिवर्सिटी, शारदा हॉस्पिटल एवं शारदा केयर इस पहल में सहभागी रहेंगे। समझौते के तहत शारदा यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को उद्योगों में ऑन द जॉब ट्रेनिंग (OJT), इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल विजिट एवं प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उद्योग अपनी वास्तविक समस्याओं एवं चुनौतियों को विश्वविद्यालय के साथ साझा करेंगे, जिनका समाधान विद्यार्थियों एवं विशेषज्ञों के क्लस्टर द्वारा नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी दक्षता के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही शारदा यूनिवर्सिटी उद्योगों को बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से संबंधित सहयोग एवं मार्गदर्शन भी प्रदान करेगी।

उद्यमियों को मिलेगी सुविधा
एमओयू के अंतर्गत शारदा हॉस्पिटल एवं शारदा केयर द्वारा आईईए सदस्यों, उनके परिवारजनों एवं कर्मचारियों को चिकित्सा सेवाओं में विशेष सुविधाएं एवं रियायती दरों पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में समय-समय पर मेडिकल हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं परामर्श सुनिश्चित किया जा सकेगा। आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि अच्छा स्वास्थ्य ही सफल एवं विकसित व्यवसाय की कुंजी है। इस एमओयू के माध्यम से पूरे उद्योग जगत को दोहरा लाभ मिलेगा। एक ओर शारदा हॉस्पिटल एवं शारदा केयर की उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं से उद्योगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, वहीं दूसरी ओर शारदा यूनिवर्सिटी के सहयोग से नवाचार, अनुसंधान एवं तकनीकी उन्नयन के माध्यम से उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। यह समझौता उद्योगों के मेडिकल हेल्थ और इंडस्ट्रियल हेल्थ दोनों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह समझौता उद्योग, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बीच सहयोग को मजबूत करते हुए क्षेत्र के औद्योगिक विकास, नवाचार एवं सामाजिक कल्याण को नई गति प्रदान करेगा।
