द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बिसरख पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित हाथी दांत की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1450 ग्राम वजनी हाथी का एक दांत बरामद हुआ है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान राजेन्द्र और संदीप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपी करते थे तस्करी
गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में हरियाणा के बहादुरगढ़ में रह रहा था। वहीं, दूसरा आरोपी संदीप मूल रूप से बस्ती जिले का निवासी है और फिलहाल गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस और वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसे किसे बेचने की तैयारी थी। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
