द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-20 थाना पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और तीन चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-27 स्थित कैलाश कट के पास कार्रवाई कर दानिश, अप्पू उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम, शरद सिंह देव और सूरज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया।
रेकी करने के बाद करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर नोएडा और एनसीआर में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा विकास के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा तथा दानिश, साहिल और शरद के पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में अप्पू उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम और सूरज कुमार गुप्ता के खिलाफ पहले से भी चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
