द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में लिया है। दोनों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस ने बताया कि सोमवार को मॉल के पास वाहन चेकिंग के दौरान लेबर चौक की ओर से आ रही एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक कार लेकर फरार हो गया। पीछा करने पर आरोपी सेक्टर-42 के जंगल की ओर भागा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान भानु उर्फ सागर (22) निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-18, नोएडा के रूप में हुई। उसका मूल निवास उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। उसके पास से बरामद स्विफ्ट डिजायर कार सेक्टर-39 थाने में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली।

पुलिस ने कांबिंग के दौरान आरोपी के नाबालिग साथी को भी पकड़ लिया। उसके कब्जे से अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर अट्टा मार्केट से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि छह जुलाई को जीआईपी मॉल गेट के पास से स्विफ्ट डिजायर टैक्सी चोरी की थी, जबकि दो दिन पहले अट्टा मार्केट से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की गई थी।