द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना सूरजपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह से जुड़े नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 67 एटीएम/डेबिट कार्ड, आठ स्मार्टफोन, आठ कीपैड मोबाइल फोन, पांच लाख रुपये नकद और एक होंडा सिटी कार बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि बरामद एटीएम कार्डों से संबंधित एनसीआरबी पोर्टल पर 43 शिकायतें दर्ज मिली हैं।

छात्र वीजा पर आया था ग्रेटर नोएडा
डीसीपी सेंट्रल नोएडा के निर्देशन में थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 10 जुलाई को ओमिक्रॉन-3 सर्विस रोड से आरोपी ओयोटोला ओरेमाडे (42) को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से नाइजीरिया के लागोस का रहने वाला है और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी छात्र वीजा पर भारत आया था। पूछताछ में सामने आया कि वह लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड खरीदवाता और बैंक खातों की जानकारी हासिल करता था। इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था। आरोपी मैट्रिमोनियल साइटों पर शादी का झांसा देकर, महंगे गिफ्ट भेजने और कस्टम ड्यूटी के नाम पर लोगों से रकम मंगवाता था। ठगी की रकम बैंक खातों में आने के बाद उसे एटीएम और मोबाइल बैंकिंग के जरिए निकालकर अपने साथियों तक पहुंचाता था।