-चाय बेचने वाले के साथ देता था घटना को अंजाम
-बदमाशों के पास से लूटा गया पैसा व मोबाइल फोन बरामद

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा सेक्‍टर-63 कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बालअपचारी को अभिरक्षा में लिया है। गिरफ्तार बदमाशों के द्वारा ऑटो में बैठाकर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। ऑटो चालक एक चाय बेचने वाले के साथ घटना को अंजाम देता था। बदमाशों के पास से पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन व पैसा बरामद किया है। बदमाशों की पहचान दानिश मलिक व चंदन शर्मा के रूप में हुई है। बदमाशों के पास से पुलिस ने 01 मोबाइल फोन, 2250 रूपए नगद, घटना में प्रयुक्त ऑटो व 01 अवैध चाकू बरामद किया है।

सुनसान स्‍थान पर घटना
पुलिस को शिकायत मिली थी कि तीन अज्ञात लोगों ने एक व्‍यक्ति को बरौला के लिए बैठाकर उसको पर्थला पुल से सेक्टर-80 नोएडा की तरफ सर्विस रोड़ पर सुनसान जगह ले जाकर मोबाइल फोन, 1000 रूपए नगद लूट लिए थे। साथ ही पीडित के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे ट्रान्सफर कर लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर टीम का गठन किया था। गोपनीय सूचना के आधार पर लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए ऑटो में बैठाकर लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्‍य दानिश मलिक व चंदन शर्मा को बी-1 चौराहे के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप की ओर जाने वाले सर्विस रोड से गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है।