-समाजवादी पार्टी ने किसान आंदोलन को दिया समर्थन
-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे विभिन्न गांवों के किसान
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में किसानों ने किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में ग्रेटर नोएडा के साथ ही नोएडा के विभिन्न गांवों के किसान शामिल हुए। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी थीं। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। किसानों ने प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंदर घुसने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी धरना जारी रहेगा।
यह है मांग
किसान संघर्ष मोर्चा में किसान सभा, किसान परिषद व किसान एकता संघ के लोग मौजूद थे। किसानों के अंदोलन को समाजवादी पार्टी ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के साथ ही बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान किसान नेता डाक्टर रूपेश वर्मा ने कहा कि किसान अपना हक पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। लंबे समय बाद भी किसानों को चार प्रतिशत का प्लाट नहीं मिला है। पिछले कई साल से जमीनों का सर्किल रेट नहीं बढ़ा है। आबादी निस्तारण व नया कानून लागू करने की मांग भी पूरी नहीं हो रही है।
