-फ्लैट में रखा लाखों रुपए का सामान जला
-खराब पड़े फायर फाइटिंग सिस्टम पर लोगों ने उठाए सवाल
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की श्री राधा स्काई गार्डेन सोसायटी के एक फ्लैट में आग लग गई। आग लगने का कारण एसी में ब्लास्ट बताया जा रहा है। आग ने कुछ ही देर में पूरे फ्लैट को अपनी गिरफ्त में ले लिया। फ्लैट में रखा लाखों रुपए का सामान आग के कारण जल गया। परिवार में मौजूद महिला ने किसी प्रकार स्वयं के साथ ही बच्चे को आग से बचाया। सोसायटी के लोगों का कहना है कि सोसायटी में फायर फाइटिंग सिस्टम खराब पड़े हैं। पूर्व में कई बार की गई शिकायत के बाद भी उसे सही नहीं कराया जा रहा है। यदि फायर फाइटिंग सिस्टम सही होता तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था।
फंस गया वाहन
सोसायटी के टावर नंबर 12 के फ्लैट नंबर 1802 में एक परिवार रहता है। फ्लैट में दिन के वक्त महिला अपने बच्चे के साथ अकेली थी। इस दौरान एसी में ब्लास्ट के बाद आग लग गई। आग लगने पर सोसायटी के लोगों ने घटना की जानकारी फायर विभाग को दी। कुछ देर बाद ही सोसायटी में फायर विभाग का वाहन पहुंच गया। सोसायटी के अंदर मुख्य मार्ग पर ही लोगों ने अपने वाहन खड़े कर दिए थे, इस कारण फायर विभाग के वाहन को घटना स्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सोसायटी के लोगों का कहना है कि सभी लोगों के द्वारा समय पर मेंटेनेंस शुल्क दिया जाता है लेकिन व्यवस्थाएं बदहाल हैं।
