द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा प्राधिकरण में लंबे समय से लंबित किसानों के पांच प्रतिशत आबादी भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। प्राधिकरण ने 350 से अधिक पात्र किसानों के मामलों का एक साथ निस्तारण करने की तैयारी की है। इसके लिए सेक्टर-146 समेत विभिन्न सेक्टरों में भूखंडों की जमीन चिह्नित की जा चुकी है। प्राधिकरण का प्रयास है कि दीपावली से पहले पात्र किसानों को भूखंड आवंटित कर दिए जाएं।

पांच प्रतिशत कोटे के करीब 350 भूखंडों का आवंटन अभी लंबित है। पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है। सभी मामलों को अलग-अलग निपटाने के बजाय एक साथ प्रक्रिया पूरी करने की योजना है। इससे किसानों के लंबे समय से लंबित मामलों का जल्द समाधान होने की उम्मीद है।

ड्रॉ से तय होगी भूखंड की लोकेशन
भूखंडों की लोकेशन को लेकर पहले कई बार विवाद सामने आते रहे हैं। इस बार प्राधिकरण ने इसे लेकर प्रक्रिया में बदलाव किया है। पात्र किसानों को भूखंड की लोकेशन ड्रॉ के माध्यम से आवंटित की जाएगी। ड्रॉ में जिस किसान के नाम जो भूखंड आएगा, उसे वही भूखंड दिया जाएगा।

यदि किसी किसान के नाम कॉर्नर प्लॉट निकलता है तो उसे कॉर्नर प्लॉट ही मिलेगा। इसी तरह पार्क के सामने, 12 मीटर या उससे अधिक चौड़ी सड़क पर स्थित भूखंड समेत अन्य विशेष लोकेशन भी ड्रॉ के आधार पर तय होंगी। इससे आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

किसानों का घटेगा इंतजार
प्राधिकरण अधिकारियों का मानना है कि किसानों के मामलों को एक-एक कर निस्तारित करने में काफी समय लग सकता है। इसलिए पात्र किसानों की सूची तैयार कर सभी मामलों को एक साथ निस्तारित करने की योजना बनाई गई है। इससे न केवल प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि वर्षों से भूखंड मिलने का इंतजार कर रहे किसानों को भी राहत मिलेगी।

दीपावली तक आवंटन का लक्ष्य
ओएसडी क्रांति शेखर ने बताया कि पांच प्रतिशत कोटे के लंबित भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है और संबंधित सेक्टरों में भूखंडों की जमीन भी चिह्नित की गई है। प्रयास है कि दीपावली से पहले 350 से अधिक किसानों को भूखंड आवंटित कर दिए जाएं। उन्होंने बताया कि आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए भूखंड की श्रेणी और लोकेशन का निर्धारण ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा।