-प्रतियोगिता के पांचवे दिन विभिन्न वर्ग के हुए मुकाबले
-जीत के साथ टीमों ने अगले दौर में किया प्रवेश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल में आयोजित सात दिवसीय सीबीएसई फुटबॉल बालक क्लस्टर प्रतियोगिता के पाँचवें दिन विभिन्न वर्गों के मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों की कुल 64 टीमें मैदान पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं। तीनों श्रेणी में कई कांटे का मुकाबला देखने को मिला। खिलाडियों ने अनुशासन, लगन, जुझारूपन और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए दर्शकों को प्रभावित किया। अंडर-14 वर्ग में एस्टर पब्लिक स्कूल नोएडा एक्सटेंशन, ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल, फादर एंजल स्कूल नोएडा, दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा, जेपी पब्लिक स्कूल नोएडा और रामाज्ञा स्कूल नोएडा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में अपनी जगह सुनिश्चित की।

अगले राउंड में पहुंची टीम
अंडर-17 वर्ग में द एशियन स्कूल मेरठ, मेरठ पब्लिक स्कूल मेरठ, समर विला स्कूल नोएडा, बिट ग्लोबल स्कूल मेरठ और विश्व भारती पब्लिक स्कूल नोएडा की टीमों ने अपने दमदार प्रदर्शन से जीत दर्ज की। अंडर-19 वर्ग में सचदेवा मिलेनियम स्कूल, अल-बरकत स्कूल, कैंब्रिज स्कूल नोएडा और दिल्ली पब्लिक स्कूल सेक्टर-30 नोएडा की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान स्कूल के चेयरमैन विपिन भाटी भी मौजूद थे। हरिद्वार से आए सुनील कुमार शर्मा, शिवाजी सैनी ने अपनी सुमधुर गायकी से शुभ संध्या को सुरमयी बना दिया। उनके मधुर गीतों ने उपस्थित जन समुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर फुटबॉल खिलाड़ियों ने भी अपनी गायन प्रतिभा का परिचय देते हुए मधुर गीतों की प्रस्तुति से वातावरण को उमंग और उल्लास से भर दिया।



