-31 अगस्त तक छात्र मांगों पर कार्रवाई की मांग
-मांगों के समर्थन में छात्रों ने वीसी को सौंपा ज्ञापन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय इकाई द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित से जुड़े पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों एवं विभिन्न मांगों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त करने के लिए ज्ञापन सौंपा गया। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूर्व में उठाए गए छात्रहित के मुद्दों पर लिखित स्टेटस रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है।अभाविप द्वारा पूर्व में उठाई गई प्रमुख मांगों में फीस माफी, मेस रिफंड, प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया, परीक्षा शुल्क एवं छात्रों से जुड़ी अन्य अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच सहित अन्‍य मांग की थी। छात्रों ने कहा है यदि 31 अगस्‍त तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी तो विश्‍वविद्यालय में अनिश्चितकालीन प्रदर्शन किया जाएगा।

यह है मांग
परिषद ने छात्रावासों में स्वच्छ पेयजल, बिजली, इंटरनेट, स्वच्छता एवं नियमित रखरखाव जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने, विश्वविद्यालय परिसर एवं छात्रावासों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की थी। अभाविप ने फीस माफी के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी नीति लागू करने तथा पिछले वर्षों में फीस माफी से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी रखी थी। साथ ही मांग की थी कि छात्रों द्वारा वर्तमान अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर को लेकर की गई शिकायतों की जांच कर समस्याओं का समाधान करने, लंबे समय से एक ही व्यक्ति के पास रहे प्रभारी अधिष्ठाता छात्र कल्याण पद में परिवर्तन एवं निश्चित कार्यकाल निर्धारित करने तथा लेखाधिकारी, मुख्य प्रॉक्टर एवं छात्र कल्याण कार्यालय में विद्यार्थियों के साथ अमर्यादित व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की गई थी। अभाविप का कहना है कि इन विषयों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष कई बार मांगें रखी गईं, लेकिन विद्यार्थियों को अब तक कई मामलों में स्पष्ट एवं संतोषजनक कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस अवसर पर आयुष राघव, देवांश उपाध्याय, आदित्य तिवारी, अक्षय नागर, अभिनव,राज, अमरेंद्र सिंह, राम शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।