द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: सेक्टर अल्फा वन स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में 27 अगस्त से सीआईएससीई स्तरीय बालिका वर्ग की बास्केटबाल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। स्कूल के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी, खेल विभाग के अध्यक्ष मनीष त्रिपाठी, हेमलता शर्मा व वेद प्रकाश सारस्वत ने प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने बताया प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों से लगभग 540 खिलाड़ी एवं उनके साथ कुल 90 प्रशिक्षक हिस्सा लेने आ रहे हैं। प्रतियोगिता तीन दिन (27 अगस्त से 29 अगस्त) तक चलेगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ 27 अगस्त को सुबह आठ बजे से होगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी अमित डागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। समापन अवसर पर एशिया महाद्वीप की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।


