द न्यूज गली, नोएडा : थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी बलराज शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के मुताबिक हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कराने के लिए ले जाए जाने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से थाना इकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी का उपचार चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
सीसीटीवी से मिली मदद
DCP सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मासूम बच्ची की हत्या के बाद सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी बलराज को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाया गया है। पुलिस टीम आरोपी को उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि झाड़ियों से चाकू बरामद कराने के बाद आरोपी ने वहां पहले से छिपाकर रखी .32 बोर की पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में हेड कांस्टेबल रवि कुमार गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बलराज को गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण और उपचार के दौरान बलराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेड कांस्टेबल रवि कुमार का उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है। मौके से पुलिस ने .32 बोर की अवैध पिस्टल, तीन खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब मुठभेड़ से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं के साथ आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।मासूम बच्ची की हत्या की घटना के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुई इस पुलिस कार्रवाई के साथ अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
