द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। जेवर थाना क्षेत्र में नोएडा से आगरा की ओर जा रहा एक बेकाबू ट्रक डिवाइडर और रेलिंग तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसा। इसी दौरान सामने से आ रही कार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान चारों की मौत हो गई।

जेवर थाना क्षेत्र का है मामला
हादसा जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ। राजस्थान नंबर का ट्रक नोएडा से आगरा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे की विपरीत लेन यानी मथुरा-नोएडा की ओर जा पहुंचा। इसी दौरान सामने से आ रही दिल्ली नंबर की कार से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान चारों को मृत घोषित कर दिया।bपुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया है।