-50 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
-विजेता विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: महर्षि पाणिनि वेद-वेदांग विद्यापीठ गुरुकुल, ग्रेटर नोएडा में ‘संस्कृत प्रतिभा खोज-2026’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा युवा पीढ़ी में संस्कृत के प्रति रुचि जागृत करना था। प्रतियोगिता में जिसमें ग्रेटर नोएडा के विभिन्न विद्यालयों के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कृत, सामान्य ज्ञान एवं संस्कृत गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महर्षि पाणिनि वेद-वेदांग विद्यापीठ गुरुकुल के संस्थापक आचार्य रविकांत दीक्षित जी ने संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के महत्व पर विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान, परंपरा और संस्कृति की महत्वपूर्ण आधारशिला है। संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया

लोगों से की अपील
आचार्य रविकान्त दीक्षित ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में संचालित यह गुरुकुल संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण की व्यापक यात्रा में एक छोटी-सी शाखा के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गुरुकुल के विकास एवं निर्माण कार्य में सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भारतीय ज्ञान-परंपरा एवं संस्कारों से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि आरबी शर्मा, पूर्व जिला जज ने कार्यक्रम में प्रतिभा करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए बताया कि संस्कृत प्रतिभा खोज एक बहुत ही सुनहरा अवसर है, जिसके द्वारा विद्यार्थियों को अपने संस्कृति को जानने का मौका भी मिलता है। उत्तर प्रदेश संस्कृत प्रतिभा खोज राज्य समिति के सदस्य लव शर्मा के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में ललिता शर्मा, अध्यक्ष, इनर व्हील क्लब, ग्रेटर नोएडा एवं अमृता सिंह, सदस्य इनर व्हील क्लब सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने संस्कृत सामान्य ज्ञान एवं संस्कृत गीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा, ज्ञान और संस्कृत के प्रति अनुराग का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के उत्साह एवं प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत और प्रेरणादायी बना दिया। इस अवसर पर महर्षि पाणिनि वेद-वेदांग विद्यापीठ गुरुकुल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी, उनके अभिभावक एवं संस्कृत प्रेमी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

