द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार में कम कीमत पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 154 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई है।

चालक निकला मास्टरमाइंड
पुलिस ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार है, जो एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, साइट-4 में कंटेनर चालक के पद पर काम करता था। कंपनी में तैयार मोबाइल फोन को डिलीवरी के लिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाते समय वह कंटेनर की सील खोलकर मोबाइल के कार्टूनों से चिट हटाता था और अपने साथियों की मदद से मोबाइल फोन निकाल लेता था।
इसके बाद गिरोह के सदस्य चोरी किए गए मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों पर मांग के मुताबिक बाजार से कम कीमत में बेचकर अवैध कमाई करते थे। कंपनी के ऑडिट में 165 मोबाइल फोन गायब मिले थे। इसके बाद कंपनी के मैनेजर ने 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में केस दर्ज कराया था।

पीपल वाला गोलचक्कर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करते हुए 31 अगस्त 2026 को पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव कुमार (30), मनोज कुमार (25), रवि कुमार (32), विनित उर्फ मसना (23), मोहम्मद शोएब (24) और हसीबुर्रहमान (32) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी केशव के खिलाफ पहले भी चोरी और धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल जा चुका है।