-निर्माण कार्यों में भ्रष्‍टाचार का लगाया आरोप
-नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के नाम सौंपा ज्ञापन

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: अगस्त क्रांति 2026 अभियान के तहत करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नोएडा सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने नोएडा प्राधिकरण में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने, नोएडा क्षेत्र के गांवों का विकास शहर की तर्ज पर करने तथा किसानों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। मांग के समर्थन में संगठन ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को संबोधित ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक कपिल कुमार को सौंपा।

समान रूप से हो विकास
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि नोएडा शहर के विकास के साथ-साथ प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले गांवों में भी मूलभूत सुविधाओं का समान रूप से विकास होना चाहिए। गांवों में सड़क, नाली, सीवर, पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर किया जाए। चौधरी प्रवीण भारतीय ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि नोएडा प्राधिकरण और किसानों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विभिन्न मामलों का बातचीत एवं न्यायपूर्ण तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। ब्रह्मपाल कपासिया ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार, गांवों की उपेक्षा और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्राधिकरण द्वारा शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगा। इस अवसर पर मास्टर दिनेश नागर, ब्रह्मपाल सिंह कपसिया, प्रेम प्रधान, सरोज भाटी, दुलीचंद नागर, कृष्ण नागर, वीरेंद्र भाटी, सुरेंद्र कसाना, धीर सिंह, मलखान सिंह यादव, धर्मेंद्र भाटी, ब्रह्म प्रधान, डाली सिंह, सीमा सिंह, नबाब सिंह, शेर सिंह, कमल नागर, नितिन नागर आदि लोग मौजूद थे।