द न्यूज गली, नोएडा : सोसाइटी और फ्लैटों में चोरी करने वाले गिरोह का सेक्टर-113 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पीली और सफेद धातु की ज्वैलरी, पांच लैपटॉप, दो टैबलेट, छह मोबाइल फोन, 3.5 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल एर्टिगा कार बरामद हुई है। कार पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी।पुलिस ने बताया कि बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-123 स्थित श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी कैलाश उर्फ दिवाकर (30), गाजियाबाद निवासी इरफान उर्फ इमरान (32) और बिहार निवासी सोनाली (24) के रूप में हुई है।
कैप-मास्क लगाकर करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सोसाइटी और फ्लैटों की पहले रेकी करते थे। पहचान छिपाने के लिए सिर पर कैप और चेहरे पर मास्क लगाते थे। इसके बाद एर्टिगा कार से मौके पर पहुंचकर बंद घरों को निशाना बनाते थे। आरोपी घरों से ज्वैलरी, नकदी, मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत कीमती सामान चोरी करते थे।
कई वारदातों से जुड़ा सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद पांच लैपटॉप सेक्टर-113 और सेक्टर-49 थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि दो टैबलेट भी सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमे से जुड़े हैं। इसके अलावा छह मोबाइल फोन, घरों से चोरी किए गए 3.5 लाख रुपये और चोरी में इस्तेमाल एर्टिगा कार बरामद हुई है। कार पर HR20AN3914 की कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी। जांच में तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलावा मथुरा में भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और आरोपियों के साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
