-वीसी ने कहा जवाब मिलने के बाद होगी कार्रवाई
-सैकड़ों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा कॉलेज प्रबंधन
द न्यजू गली, ग्रेटर नोएडा: जीएल बजाज कॉलेज प्रबंधन के द्वारा सैकड़ों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने के मामले में डाक्टर एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय(AKTU) ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। AKTU ने मामले में जीएल बजाज कॉलेज प्रबंधन से जवाब मांगा है। कॉलेज प्रबंधन के द्वारा पूर्व में भी इसी प्रकार से छात्रों को परेशान किया जाता रहा है। परेशान छात्र अपना दर्द सोशल मीडिया पर बयां कर रहे हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि AKTU के द्वारा कॉलेज पर कड़ा एक्शन लिया जा सकता है। AKTU के वीसी जेपी पांडे का कहना है कि रजिस्ट्रार से कहा गया है कि वह पूरे मामले में कॉलेज प्रबंधन से जवाब मांगे। कॉलेज का जवाब मिलने के बाद मामले में कार्रवाई होगी।

छात्रों के सामने संकट
कॉलेज ने अधिक सीट पर छात्रों को प्रवेश दे दिया था। कॉलेज की एक ब्रांच मथुरा में भी है। अब कॉलेज प्रबंधन के द्वारा छात्रों पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह मथुरा कैंपस में एडमीशन लें। छात्रों को प्रलोभन दिया जा रहा है कि मथुरा कैंपस में उनसे कम फीस ली जाएगी व अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। कॉलेज प्रबंधन ने कुछ छात्रों को अपने झांसे में भी ले लिया है। शेष छात्रों के द्वारा अपना विरोध दर्ज कराया जा रहा है। अधिकतर छात्रों ने फीस का पूरा पैसा जमा कर दिया है। अब छात्रों के सामने साल खराब होने का संकट खड़ा हो गया है। सैकड़ों छात्रों के दर्द व कॉलेज प्रबंधन के लगातार सामने आने वाले स्कैम को देखते हुए AKTU कड़ा निर्णय ले सकता है।



