-बिरौंडी गांव में पंचायत के बाद लिया निर्णय
-गांवों में निकालेंगे किसान सत्याग्रह पदयात्रा
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: शेष 4 प्रतिशत प्लाट की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रति 44 गांवों के किसानों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। मांग के समर्थन में किसानों की बैठक बिरौंडी गांव में हुई। बैठक में किसानों ने लंबित मांग को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। किसानों ने कहा कि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट का मुद्दा लंबे समय से लंबित है और अब वे अपनी मांग को लेकर संगठित रूप से आवाज उठाएंगे। निर्णय लिया कि 2 अक्टूबर से 44 गांवों में किसान सत्याग्रह पदयात्रा निकाल किसानों को जागरुक किया जाएगा।

अनिश्चिकालीन धरना
किसानों ने कहा कि महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन कर सत्याग्रह पदयात्रा की शुरुआत की जाएगी। बैठक में किसानों ने यह निर्णय भी लिया कि 22 अक्टूबर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान सत्याग्रह के रूप मेंअनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। धरने में शेष 4 प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे। किसानों की एक ही मांग है कि उन्हें शेष 4 प्रतिशत का प्लॉट का उनका हक दिया जाए। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पर ठोस समाधान नहीं होता, तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। किसानों ने शेष 4 प्रतिशत प्लॉट का हक मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर संतराम प्रधान, मुखिया, भीम सिंह , रूपा सिंह ,हुकम सिंह , बिजेंद्र आदि लोग उपस्थित थे।
