-ट्रेड शो में 2400 से अधिक प्रदर्शक होंगे शामिल
-85 देशों के 550 से अधिक खरीदार भी करेंगे शिरकत
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 5 लाख से अधिक आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। खास बात है कि शो में उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में बिकने वाले खान-पान की चीजें उपलब्ध होंगी। उदघाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट पहल के साथ इस वर्ष वन डिस्ट्रिक्ट ,वन क्यूज़ीन को विशेष पहचान दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक पाक विधियों, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
होंगे विविध आयोजन
पांच दिवसीय आयोजन में बिजनेस एंगेजमेंट्स, नॉलेज सेशंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो सहित कई गतिविधियां होंगी। नॉलेज प्रोग्राम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई, ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स और अन्य उभरते क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इससे उद्योग जगत के लोगों को ज्ञान-विनिमय, संवाद और सहयोग के अवसर मिलेंगे। यूपीआईटीएस व्यापार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान, नवाचार और उद्यमशीलता को भी वैश्विक मंच देगा। यहां प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, एमएसएमई इकोसिस्टम, ओडीओपी एवं ओडीओसी उत्पाद, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल्स, कृषि, खाद्य, पर्यटन, नवाचार और उभरते उद्योगों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारी समुदाय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।मेले में आम लोगों को प्रवेश दिन में 3 बजे के बाद मिलेगा।
