-छात्रों को फ्री में एडमीशन देने का प्रलोभन दे रहा कॉलेज
-धोखा देकर कॉलेज ने छात्रों की करा दी थी फिजिकल रिपोर्टिंग
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: सैकड़ों छात्रों की जिंदगी से खिलवाड़ कर उन्हें धोखा देने वाले जीएल बजाज कॉलेज की मुकिश्ल और बढ़ने वाली है। छात्रों को अंधेरे में रखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने 8 सितंबर को ग्रेटर नोएडा कैंपस में उनकी फिजिकल रिपोर्टिंग भी करा दी थी। जहां एक तरफ AKTU की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है वहीं दूसरी तरफ परेशान छात्रों ने कोर्ट जाने की तैयारी कर ली है। छात्रों ने कॉलेज में फीस जमा करने, कॉलेज के एडमीशन टीम से फोन पर हुई वार्ता की ऑडियो, जमा की गई फीस की रशीद व अन्य सबूत एकत्र किए हैं। छात्रों ने तय कर लिया है कि अब वह कॉलेज के किसी भी प्रलोभन में नहीं आएंगे। साथ ही उन्हें एडमीशन भी ग्रेटर नोएडा कैंपस में ही चाहिए।
फ्री में एडमीशन का प्रलोभन
पैसों की लालच में अधिक सीट पर सैकड़ों छात्रों को प्रवेश देने वाला जीएल बजाज कॉलेज अब चारों तरफ से घिर गया है। छात्रों को मनाने के लिए प्रबंधन के द्वारा सभी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। छात्रों ने बताया कि कॉलेज की ओर से लालच दिया जा रहा है कि मथुरा कैंपस में वह फ्री में एडमीशन ले ले। फीस के रूप में उन्हें सिर्फ 27 हजार रुपए ही जमा करने होंगे। ग्रेटर नोएडा कैंपस में एडमीशन के लिए जो फीस जमा की थी वह तत्काल वापस कर दी जाएगी। जो छात्र मथुरा कैंपस में जाने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं उन्हें ग्रेटर नोएडा कैंपस में पीजीडीए कोर्स में प्रवेश लेने के लिए मनाया जा रहा है। चर्चा है कि जिन छात्रों को कॉलेज प्रबंधन से कुछ दिनों पूर्व मथुरा कैंपस में एडमीशन के लिए मना लिया था अब उन्होंने भी विरोध का झंडा उठा लिया है।



