-अमित शाह ने कहा निवेश व व्‍यापार का केंद्र बना यूपी
-योगी आदित्‍यनाथ ने कहा यूपी पर बढ़ा वैश्विक बाजार का भरोसा

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्‍सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्‍करण का उदघाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने किया। ट्रेड शो में उत्‍तर प्रदेश के विभिन्‍न जिलों के खास उत्‍पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा है। प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश ट्रेड शो के चैथे संस्करण में देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी से प्रदेश में निवेश, उत्पादन, बिक्री और निर्यात को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से भारत उत्पादन, डिजाइन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। गृहमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल में बड़ा परिवर्तन आया है। वर्ष 2013 में औद्योगिक निवेश सम्मेलन के लिए दिल्ली का सहारा लेना पड़ता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश-दुनिया के निवेशकों के लिए प्रमुख गंतव्य बन रहा है। कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीतियां, प्रो-एक्टिव सरकार और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को इस बदलाव का आधार है। वर्ष 2025 के ट्रेड शो में पांच लाख से अधिक लोगों की भागीदारी, 2,400 से अधिक एमओयू तथा निवेश और व्यापारिक समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वर्तमान चैथा संस्करण पिछले रिकॉर्ड को भी पार करने की क्षमता रखता है। यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।

पार्टनर देशों का स्‍वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल जापान, सिंगापुर, बेलारूस, रूस, वियतनाम और ऑस्ट्रिया के राजदूतों, उच्चायुक्तों एवं ट्रेड कमिश्नर्स तथा दुनिया के 90 देशों से आए 600 से अधिक फॉरेन बायर्स और एग्जिबिटर्स का स्वागत किया।कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले चार वर्षों से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों, पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के इनोवेशन और एम0एस0एम0ई0 सेक्टर को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है। इसके चैथे संस्करण में 36 हजार वर्ग मीटर के एक्सपो सेंटर में 2,400 से अधिक एग्जिबिटर्स भाग ले रहे हैं साथ ही लगभग 1.5 लाख बी02बी0 विजिटर्स के शामिल होने की संभावना है। गत वर्ष 2025 में 72 देशों के 500 से अधिक बायर्स ट्रेड शो का हिस्सा बने थे। कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश के लोक कल्याण संकल्प-पत्र के निर्माण के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी ने उत्तर प्रदेश की ताकत उसके पारंपरिक उद्यमों में बताते हुए कहा था कि अपनी पारंपरिक उद्यम शक्ति को पहचानकर उत्तर प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बन सकता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के माध्यम से पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है और ओडीओपी के साथ-साथ देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यूपीआईटीएस में बढ़ता विदेशी फूटफॉल उत्तर प्रदेश के उत्पादों, सप्लाई चेन, उद्यमियों की विश्वसनीयता और प्रदेश के प्रति बढ़ते ग्लोबल ट्रस्ट का प्रतीक है।