-दोनों को बनाया गया राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी सदस्‍य
-दादरी विधानसभा सीट से टिकट की दौड़ में थे शामिल

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा:भारतीय जनता पार्टी ने सत्‍येंद्र अवाना व निर्मला तंवर भाटी को भारतीय जनता युवा मोर्चा में राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी सदस्‍य बनाया है। पार्टी में दोनों को एक अहम जिम्‍मेदारी मिली है। दोनों लोगों के द्वारा विधानसभा चुनाव-2027 के लिए दादरी विधानसभा सीट से टिकट मांगा जा रहा था। टिकट की दौड़ में दोनों की दावेदारी भी मजबूत थी। पार्टी के नेताओं में अब चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि भारतीय जनता युवा मोर्चा में राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी सदस्‍य बनाए जाने के बाद दोनों लोगों को टिकट की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। पार्टी ने हाल ही में कुछ अन्‍य लोगों को भी अहम जिम्‍मेदारी दी थी। वह लोग भी टिकट की दौड़ में शामिल थे। ऐसे में दादरी विधानसभा सीट से टिकट मांगने वाले दौड़ से धीरे-धीरे बाहर हो रहे हैं।

दौड़ में अभी कई नाम हैं शामिल
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। जिले की तीन विधानसभा नोएडा, दादरी व जेवर में से सबसे अधिक दावेदार दादरी विधानसभा सीट पर हैं। सत्‍येंद्र अवाना ने विधानसभा चुनाव-2022 में भी मजबूत दावेदारी पेश की थी लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। इस बार वह कई माह से तैयारी में जुटे थे। शहर में तमाम जगह पर उन्‍होंने बैनर, पोस्‍टर लगाने के साथ ही वाल पेंटिंग भी करा दी थी। निर्मला तंवर भाटी भी मजबूती से चुनाव की तैयारी में जुटी थीं। भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी में जिन्‍हें बड़ी जिम्‍मेदारी मिलती है टिकट के लिए उनके नाम पर विचार बंद हो जाता है। ऐसे में बड़ी जिम्‍मेदारी की खुशी मिलने के साथ ही सत्‍येंद्र व निर्मला को निराशा भी मिली होगी।