द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-113 कोतवाली पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नेचिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उस्मान, इब्राहिम और अनस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से स्नेचिंग के मोबाइल फोन और चेन की बिक्री से प्राप्त 41 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने एफएनजी सर्विस रोड, सोरखा के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से सुनसान स्थानों पर राह चलते लोगों के मोबाइल फोन और चेन छीन लेते थे। इसके बाद सामान बेचकर मिली रकम आपस में बांट लेते थे और उसे अपने निजी खर्च व मौज-मस्ती पर खर्च करते थे।

गाजियाबाद और बुलंदशहर के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में उस्मान (24) निवासी डासना, गाजियाबाद, इब्राहिम (20) और अनस (23) निवासी बीबीनगर, बुलंदशहर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-113 कोतवाली में दर्ज दो मुकदमों में कार्रवाई की है। दोनों मामले बीएनएस की धारा 304(2) के तहत दर्ज हैं।