द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण, 11,450 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने बिसरख क्षेत्र में बंद फ्लैट और मकान में चोरी की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात लोकल इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की तरफ से तेज गति से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। बाइक सवार रुकने के बजाय वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो रोजा याकूबपुर स्थित छह प्रतिशत पार्क की सर्विस रोड पर दोनों बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
इस रूप में हुई पहचान
घायल बदमाश की पहचान मैनपुरी के कुरावली निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू (38) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के भूड़ा गांव में रह रहा था। उसके साथी पिंटू (33) को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पिंटू मूलरूप से मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के छतरपुर का निवासी है और वर्तमान में पश्चिमी दिल्ली के जय विहार एक्सटेंशन में रह रहा था। घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
बंद फ्लैट और मकान में की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने 27 अगस्त को सीएचसी बिसरख परिसर स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। इस मामले में बिसरख थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा 13 अक्टूबर को रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी करने का मामला भी सामने आया था। पुलिस इन दोनों घटनाओं में आरोपितों की संलिप्तता बता रही है।
आभूषण, नकदी और चोरी के उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र, झुमकी, हार और अंगूठी, सफेद धातु की दो पायल, कमरबंद और चार कड़े, एक लेडीज घड़ी तथा 11,450 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक प्लास, एक पाना रिंच, एक हथौड़ा और दो छेनी भी मिली हैं।पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र उर्फ जीतू के खिलाफ दिल्ली, हाथरस, कासगंज, एटा, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, पिंटू के खिलाफ भी बिसरख थाने में चोरी और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
