द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय सीबीएसई राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। टीमों ने शानदार खेल कौशल और तालमेल का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सीबीएसई पर्यवेक्षक सुशील त्यागी, भीम त्यागी, मनवीर नागर, रजनीश कुमार, मनोरंजन बंसल और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौरव खटाना मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।विद्यालय की सह-संस्थापिका संतरा देवी, चेयरमैन डॉ. विपिन भाटी, प्रबंध निदेशक सचिन चौधरी, निदेशिका एवं प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा और प्रधानाचार्य डॉ. राजेश वशिष्ठ ने अतिथियों और प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया। विद्यालय के फुटबॉल प्रशिक्षक हिमांशु राज और अंकित भाटी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

अंडर-14 में संजीवनी स्कूल की बड़ी जीत
अंडर-14 वर्ग में संजीवनी स्कूल, महाराष्ट्र ने आरफा इंग्लिश स्कूल, अतर को 6-0 से हराया। गौडियम स्कूल, हैदराबाद ने केआईआईटी स्कूल को 3-0, अखिल भारतीय पब्लिक स्कूल ने असम राइफल्स स्कूल को 4-0 और श्री शक्ति इंटरनेशनल स्कूल, तिरुपुर ने विनमोर एकेडमी, बेंगलुरु को 2-0 से पराजित किया। श्री राजेंद्र गिरी मेमोरियल अकादमी ने मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा को 3-0 और भाधारदर स्कूल ने मेस इंडियन स्कूल, दोहा को 3-0 से हराया। दून पब्लिक स्कूल, बेगूसराय और मेजबान उमा पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
अंडर-17 और अंडर-19 में भी दिखा दम
अंडर-17 वर्ग में असम राइफल्स स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, ईस्ट बेंगलुरु को 4-0 से हराया। एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने आर्मी पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ को 3-0 और इंडियन स्कूल, अल घुबरा ने नवी चिल्ड्रेन स्कूल, दिल्ली को 2-1 से शिकस्त दी। आरफा इंग्लिश स्कूल और कमला देवी स्कूल, भोपाल के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। क्यूईसी स्कूल, उसिया और बिरला पब्लिक स्कूल, दोहा के बीच भी मैच बराबरी पर समाप्त हुआ।अंडर-19 वर्ग में फैकल्टी सेकेंडरी स्कूल ने सिग्नस वर्ल्ड स्कूल, वडोदरा को 3-0 से हराया। इंदौर पब्लिक स्कूल, आमीन कैंपस ने मार थॉमस पब्लिक स्कूल को और वेदास इंटरनेशनल स्कूल, गुरुग्राम ने शांतिनिकेतन इंडियन स्कूल, दोहा को 3-0 से पराजित किया। इंडियन स्कूल, मस्कट और संजीवनी इंटरनेशनल स्कूल के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की गति, रणनीति और सामूहिक तालमेल देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ उनमें अनुशासन, एकता और खेल भावना को बढ़ावा देना है।


