द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के दौरान मोबाइल फोन छीनने और चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी, चोरी व स्नैच किए गए 12 मोबाइल फोन और तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को सेक्टर-35 में गंदे नाले के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से स्कूटी पर आता एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूर आगे स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकरा गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

इस रूप में हुई पहचान
आरोपी की पहचान सोनू (28) पुत्र सीताराम निवासी मोरना, नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की हीरो होंडा मेस्ट्रो स्कूटी (डीएल 14 एसजी 4056), बैग में रखे 12 मोबाइल फोन और .315 बोर का तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

आठ मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 से 2026 तक के मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की स्कूटी से घूमकर राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनने और मौका मिलने पर चोरी करने की वारदात करता था। उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।