द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर कोतवाली क्षेत्र में इमरान की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपित को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी है। आरोपित की पहचान जहांगीरपुर निवासी शानू उर्फ शान मोहम्मद के रूप में हुई है। उस पर अलीगढ़ के रोरावर थाने में दर्ज एक मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को जेवर पुलिस की टीम जफरगढ़-चांचली रोड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपित मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर उसने खुद को घिरता देख मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।आरोपित के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

7 अक्टूबर को हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपित सात अक्टूबर को जेवर क्षेत्र में इमरान (36) की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में वांछित था। इसके अलावा उसके खिलाफ अलीगढ़ के रोरावर थाने में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपित के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।