द न्यूज गली, नोएडा : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नोएडा के सेक्टर-63 स्थित सी-ब्लॉक में मंगलवार को पिंक बूथ का शुभारंभ किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में स्थापित पिंक बूथ का उद्घाटन डीसीपी महिला सुरक्षा सुनिति और डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने किया।पिंक बूथ के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी शिकायतें दर्ज कराने और पुलिस से सहायता प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। यहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे महिलाएं अपनी समस्याएं सहजता और सुरक्षित माहौल में पुलिस के सामने रख सकेंगी। साथ ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।उद्घाटन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से मिशन शक्ति अभियान सहित विभिन्न माध्यमों से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।