-गीला व सूखा कचरा अभियान में विद्यार्थियों को किया जागरुक
-पूर्व में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं सिद्धि कोचर
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा की बेटी सिद्धि कोचर प्रदेश में चर्चाओं में आ गई हैं। उन्होंने सरकार के गीला कचरा–सूखा कचरा अभियान से लाखों विद्यार्थियों को जागरूक किया था। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग करने तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रदेश में जागरूकता फैलाई। सिद्धि द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र दिया। सिद्धि ने पंजाब के बाद उत्तर प्रदेश में सस्टेनेबिलिटी लीडर्स प्रोग्राम चलाया था। सिद्धि शिव नादर स्कूल, ग्रेटर नोएडा में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। मंत्री ने सिद्धि के प्रयासों को समाज, देश और विश्व के लिए उपयोगी तथा युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। सिद्धि ने *सस्टेनेबिलिटी लीडर्स प्रोग्राम (SLP) का पहला संस्करण पंजाब में सफलतापूर्वक चलाया। इसके बाद 2025-26 में उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश में लागू किया, इसका पाठ्यक्रम स्वयं तैयार किया और पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व किया। यह अभियान ऑनलाइन और विद्यालयों में जाकर (ऑफ़लाइन), यानी हाइब्रिड माध्यम सेचलाया गया।

फैलाई जागरुकता
अभियान में सिद्धि ने विद्यार्थियों को गीला कचरा और सूखा कचरा अलग करने का तरीका व्यावहारिक रूप से करके दिखाया। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और जैव-उपचार (बायो-रेमेडिएशन) का संदेश भी दिया। उनसे प्रेरित होकर कई विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण परियोजनाएँ शुरू की। गुलाब देवी ने अपने पत्र में लिखा कि पर्यावरण एवं जल संरक्षण के लिए आपके द्वारा किए जा रहे कार्य प्रेरणादायक एवं अत्यन्त सराहनीय हैं। प्रकृति के प्रति आपकी यह जिम्मेदारी और समर्पण समाज के लिए एक सच्ची प्रेरणा है। ज्ञात हो कि सिद्धि का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित एमआईटीमें होने वाले रिसर्च साइंस इंस्टीट्यूट के लिए हुआ था। इस कार्यक्रम के लिए पूरे विश्व से लगभग 100 विद्यार्थी चुने जाते हैं। भारत से चुने गए केवल तीन विद्यार्थियों में सिद्धि भी शामिल थीं। संस्थान ने अपने खर्च पर उन्हें लगभग दो माह का शोध-प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन हुई परीक्षा में उन्होंने विश्वभर से आए मेधावी विद्यार्थियों के बीच शीर्ष पाँच (टॉप फ़ाइव) में स्थान बनाकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।



