-100 से अधिक लोगों के साथ हुआ है फ्रॉड
-बैंक पर प्रदर्शन के बाद लोगों ने पुलिस से की शिकायत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में करोड़ों रुपए का फ्रॉड हो गया। फ्रॉड लगभग 100 से अधिक लोगों के साथ हुआ है। फ्रॉड की सूचना मिलने के बाद बैंक पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने जब अपना अकाउंट चेक कराया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। किसी के खाते से 10, किसी के खाते से 17 तो किसी के खाते से एक करोड़ रुपए गायब थे। लोगों ने फ्रॉड में बैंक प्रबंधन की मिलीभगत होने का आरोप लगाया है। बैंक पर प्रदर्शन के बाद लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। करोड़ों रुपए के फ्रॉड के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है।
मेहनत का पैसा गायब
बैंक से जिन लोगों के पैसे गायब हुए हैं उनमें से अधिकतर किसान हैं। उन्होंने मुआवजे का पैसा बैंक में जमा किया था। ग्रामीण बृजेश, सोनू, विनीत व अन्य का कहना है कि गांव के लोगों ने बताया कि बैंक से उनका पैसा गायब हो गया। जानकारी मिलने के बाद पासबुक लेकर बैंक पहुंचे और खाते में जमा पैसों की जानकारी कराई। जांच में पता चला कि उनके खाते से भी लाखों रुपए का फ्रॉड हुआ है। बैंक में अब मात्र 10-20 हजार रुपए ही बचे हैं। पीडितों का कहना है कि बैंक में जो कर्मचारी बैठे हैं उन्होंने ही फ्रॉड किया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही उनके खाते में पूरे पैसे वापस नहीं आए तो बैंक के बाहर धरना दिया जाएगा।
