-मुकाबले में खिलाडियों ने किया शानदार प्रदर्शन
-जीत के साथ टीमों ने अगले राउंड में किया प्रवेश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उमा पब्लिक स्कूल, इकोटेक-11, ग्रेटर नोएडा में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 में खिलाड़ियों का उत्साह और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन निरंतर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मुकाबले में टीमों के द्वारा अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और संघर्षशीलता का परिचय दिया। अंडर-14 वर्ग में अराफा इंग्लिश स्कूल अतर ने असम राइफल्स पब्लिक स्कूल को 4–1 से, श्री शक्ति इंटरनेशनल स्कूल ने स्वामी केशवानंद कॉन्वेंट स्कूल को 4–1 से तथा अखिल भारतीय पब्लिक स्कूल ने द गौडियम स्कूल, हैदराबाद को 7–0 से पराजित किया। वहीं, संजीवन पब्लिक स्कूल और मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा को वॉकओवर के आधार पर 3–0 से विजेता घोषित किया।

दर्ज की रोमांचक जीत
अंडर-17 वर्ग में श्री गुरु हरि कृष्ण पब्लिक स्कूल ने अराफा इंग्लिश स्कूल को 2–1 से पराजित किया। वहीं, एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने वेलाम्मल विद्यालय के विरुद्ध 8–7 से रोमांचक जीत दर्ज की। अंडर-19 वर्ग में इंडियन स्कूल, मस्कट ने वेदस इंटरनेशनल स्कूल को 3–1 से हराया। वहीं, शांतिनिकेतन इंडियन स्कूल को वॉकओवर के आधार पर विजेता घोषित किया गया। इस अवसर पर सीबीएसई पर्यवेक्षक सुशील त्यागी, भीम त्यागी, विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विपिन भाटी, एमडी सचिन चौधरी, निदेशिका-प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा तथा प्रधानाचार्य डॉ. राजेश वशिष्ठ की उपस्थिति रही। खेल तकनीकी निदेशक शिवालिक राज तथा फुटबॉल कोच हिमांशु राज एवं अंकित भाटी की उपस्थिति और मार्गदर्शन ने प्रतियोगिता के आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। यह चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और टीम भावना को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान कर रही है। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह, अनुशासन और विजय के प्रति समर्पण खेल भावना की सच्ची मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।



