द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ–सहारनपुर खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा द्वारा लगातार दूसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज की गई। जीत दर्ज करने पर भारतीय जनता पार्टी ग्रेटर नोएडा मण्डल के मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा ने अपने साथियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ उनके शिविर कार्यालय पहुँचकर आत्मीय भेंट की तथा पुष्पगुच्छ, पुष्पमालाओं एवं अंगवस्त्र से उनका अभिनंदन करते हुए हार्दिक बधाई एवं अनन्त मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं। कहा कि श्रीचंद शर्मा की यह विजय केवल निर्वाचन की सफलता नहीं, अपितु शिक्षक समाज के अटूट विश्वास, आत्मीय संबंधों और उनके प्रति प्रदीर्घ सेवाभाव की गौरवपूर्ण परिणति है। शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा शिक्षा-जगत की गरिमा एवं गुणवत्ता के संवर्धन के लिए उनके द्वारा किए गए सतत प्रयासों को इस जनादेश ने नई प्रतिष्ठा प्रदान की है। यह सफलता प्रमाणित करती है कि जब नेतृत्व पद की मर्यादा से आगे बढ़कर जनसेवा को अपना ध्येय बनाता है और समाज के दुःख-दर्द को अपनी अनुभूति समझता है, तब जनविश्वास स्वयं उसकी सबसे बड़ी शक्ति बन जाता है। इस अवसर पर पंडित विनोद शर्मा, पंडित युग शर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे।