द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर-23 में शुक्रवार सुबह बालकनी से गिरकर पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान सीढ़ी से फिसलकर बालकनी से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रणदीप पात्रा (40) पुत्र अमल कुमार पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों महागुन मायवुड्स सोसायटी, गौर सिटी-2 में रहते थे। शुक्रवार को पीआरवी के माध्यम से पुलिस को सोसायटी के टावर-23 में दो लोगों के ऊपर से गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पूरे परिवार को जाना था खाटू श्याम
मृतक रणदीप की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसकी तैयारी के दौरान रणदीप और उनका बेटा बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान सीढ़ी से फिसलकर दोनों बालकनी से नीचे गिर गए। बिसरख पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई कर रही है।