द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), ग्रेटर नोएडा में 31 अक्टूबर को डीपीएस सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय एथलेटिक मीट गर्ल्स (ओपन)-2026 का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के 44 डीपीएस विद्यालयों की लगभग 250 खिलाड़ियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।समापन समारोह में डीपीएस ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन कौशिक दत्ता मुख्य अतिथि तथा विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. पिंकी रॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को विशिष्ट अतिथियों द्वारा पदक तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रिषानवी जोशी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
डीपीएस, अहमदाबाद की रिषानवी जोशी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट एथलीट) घोषित किया गया जबकि डीपीएस फरीदाबाद ने समग्र विजेता की ट्रॉफी प्राप्त की। इस अवसर पर कौशिक दत्ता ने खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सच्ची सफलता केवल जीतने में नहीं, बल्कि खेल भावना और उत्कृष्ट मूल्यों को अपनाने में निहित है। समारोह में विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा के साथ दो दिवसीय आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के वातावरण में संपन्न हुआ।



