द न्यूज गली, नोएडा : चोरी की मोटरसाइकिल से दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल स्नेचिंग और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 17 मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और अवैध चाकू बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनते थे और बाद में उन्हें बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।पुलिस के मुताबिक, 30 अक्तूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को सेक्टर-58 स्थित जूबिलेंट पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान चतुरानंद पांडेय उर्फ रोनी (23) निवासी गोरखपुर और जतिन सिंह (26) निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
कई जगह से मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की
पूछताछ में आरोपियों ने पांच अक्तूबर को सेक्टर-56 से आईफोन-15 और सेक्टर-62 से सैमसंग गैलेक्सी एस-26 मोबाइल फोन छीनने की बात स्वीकार की है। इन दोनों घटनाओं में सेक्टर-58 कोतवाली में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद 17 मोबाइल फोन भी आरोपियों ने चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं के जरिये दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से जुटाए थे।
चोरी की बाइक का करते थे इस्तेमाल
पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात में चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे। बरामद बाइक पानीपत, हरियाणा से चोरी की गई थी। दोनों आरोपी मोबाइल फोन बेचकर मिलने वाली रकम अपने शौक-मौज और निजी खर्चों पर खर्च करते थे। पुलिस के अनुसार, चतुरानंद पांडेय के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और पानीपत में चोरी, स्नेचिंग और आबकारी अधिनियम के सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, जतिन सिंह के खिलाफ एनडीपीएस, आबकारी, चोरी और स्नेचिंग समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
